सियासत : परिवार में दुश्मनी की दीवार



मुबाहिसा : राजेन्द्र मौर्य  
सियासत भी अजीब खेल है, जो बाप और बेटों के बीच ही दुश्मनी की न टूटने वाली दीवार खड़ी कर देता है। हरियाणा में चौधरी देवीलाल के राजनीतिक वारिस ओमप्रकाश चौटाला के बनने पर देवीलाल और उनके अन्य बेटों के बीच दुश्मनी की पहली एेसी दीवार खींच गई थी, जिसमें ओमप्रकाश चौटाला के भाई दुश्मनी की खींची दीवार के पीछे एेसे कैद हुए कि हरियाणा के लोग भी उन्हें पूरी तरह भूल गए और ओमप्रकाश चौटाला न केवल कई बार हरियाणा के मुख्यमंत्री बने बल्कि उन्होंने हरियाणा की सियासत में नई इबारत लिखी और उन्होंने वक्त के साथ ही अपने परिवार की राजनीतिक विरासत को भी तय किया, जिसमें हरियाणा राज्य की सियासत में छोटा बेटा अभय चौटाला आगे रहेगा और केंद्र की राजनीति सांसद के रूप में अजय चौटाला संभालेगा। इसको दोनों ने स्वीकार भी लिया, लेकिन अजय चौटाला के बेटे दुष्यंत चौटाला ने इसे अस्वीकार कर नया रास्ता चुना। नतीजा चौटाला परिवार दो हिस्सों में बंट गया। दुष्यंत चौटाला हरियाणा के उपमुख्यमंत्री हैं और अभय चौटाला मात्र विधायक। अजय चौटाला भले ही अपने पिता पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के साथ सजायाफ्ता हों, लेकिन हरियाणा की सत्ता में भागीदार बन बैठे। परिवार में बढ़ी दुश्मनी को लोगों ने दिल्ली में अभय चौटाला के बड़े बेटे की सगाई में देखा, जिसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर तो पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के पास बैठे नजर आए, लेकिन घरेलू सदस्य उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला अपने चचेरे भाई करण की सगाई में नहीं पहुँचे। हालाँकि बताया यह भी जा रहा है कि दुष्यंत चौटाला को निमंत्रण ही नहीं दिया गया था लेकिन इसकी कोई पुष्टि नहीं कर पा रहा है। है न अजीब खेल  सियासत, जो गैरों को अपना होने का यकीन दिलाता है और अपनों को सबसे बड़ा दुश्मन बना देता है।   
करण चौटाला की सगाई :  इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला के बड़े बेटे करण सिंह चौटाला जल्द ही विवाह बंधन में बंधने वाले हैं।  रविवार को नई दिल्ली के सफदरजंग लेन स्थित बरोदा हाउस में करण चौटाला का सगाई समारोह आयोजित किया गया। पोते की सगाई में शामिल होने के लिए जेबीटी भर्ती घोटाले में सजायाफ्ता पूर्व सीएम ओमप्रकाश  चौटाला तिहाड़ जेल से एक दिन की फरलो लेकर आए। वहीं इस खास मौके पर भाई रणजीत सिंह चौटाला और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी शामिल हुए.
करण की मंगेतर ऐश्वर्या लंदन से ग्रेजुएट : करण चौटाला की सगाई रिटायर्ड आर्मी पर्सन के बेटे जसविंद्र सिंह संधू की बेटी ऐश्वर्या संधू के साथ हुई है. जसविंद्र संधू राजस्थान के करणपुर से संबंध रखते हैं और दिल्ली में सेटल हैं. वो खुद का बिजनेस चलाते हैं. उनकी बेटी ऐश्वर्या लंदन से ग्रेजुएट हैं।
खट्टर भी हुए शामिल : समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी शामिल हुए। उन्होंने ओमप्रकाश चौटाला व अभय सिंह चौटाला से मुलाकात कर करण और ऐश्वर्या को आशीर्वाद दिया। अभय सिंह चौटाला के छोटे बेटे अर्जुन चौटाला की सगाई पहले ही यमुनानगर के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह की बेटी जैसमीन के साथ हो चुकी है।
चौटाला को मिली फरलो: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला अपने बड़े बेटे अजय चौटाला के साथ घूस लेकर शिक्षक भर्ती करने के मामले में 17 जनवरी 2013 से दिल्ली की तिहाड़ जेल में सजा काट रहे हैं. पोते की सगाई का हवाला देते हुए बीते दिनों लगाई गई याचिका में ओम प्रकाश ने तीन सप्ताह की फरलो मांगी थी. इसके बाद 28 फरवरी को सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने उन्हें सिर्फ एक दिन की फरलो की मंजूरी दी।

Comments

Popular posts from this blog

26/11 what mumbai diaries/Expose irresponsible electronic media/ Live reporting of TV became helpful to terrorists